ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नक्सलमुक्त बस्तर में विकास की गूंज: CM साय ने सुकमा को 308 करोड़ की सौगात दी

रायपुर। नक्सलवाद के साये से उबरते बस्तर में विकास की नई तस्वीर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा जिले को 308 करोड़ रुपए से अधिक के 228 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 159 कार्यों का शिलान्यास और 69 कार्यों का लोकार्पण शामिल है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

मिनी स्टेडियम सुकमा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार दशकों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर में शांति स्थापित हुई है और अब यहां विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 3 हजार से अधिक माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं और उन्हें पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” की सराहना करते हुए कहा कि इसके तहत 7 जिलों में 1100 टीमें घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं का फीडबैक लिया और प्रमाण पत्र व सहायता सामग्री वितरित की। टीबी मुक्त पंचायतों को सम्मानित किया गया, दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और व्हीलचेयर दिए गए, वहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ई-रिक्शा भी प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने “नियद नेल्लानार 2.0” योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब इसे 10 जिलों तक विस्तारित किया जाएगा। साथ ही सड़क, पुल, बस स्टैंड और सामुदायिक भवन जैसे 8 नए विकास कार्यों की घोषणा भी की गई।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, सांसद महेश कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button