StateNewsदेश - विदेश

86 लाख की ड्रग्स बरामद: मेफेड्रोन के साथ युवक गिरफ्तार, दो सप्लायर फरार

मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 86 लाख रुपए कीमत की ड्रग्स के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 344 ग्राम मेफेड्रोन बरामद की गई है। पुलिस अब इस मामले में ड्रग सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे की गई। उल्वे इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम को एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली, तो उसके पास से भारी मात्रा में मेफेड्रोन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 86 लाख रुपए बताई जा रही है।

उल्वे पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान स्थानीय निवासी रवि खटीक के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे यह ड्रग्स दो अन्य लोगों ने बेचने के लिए दी थी। पुलिस अब उन दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे बड़ा ड्रग नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। आरोपी के मोबाइल फोन और संपर्कों की भी जांच की जा रही है, ताकि सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों तक पहुंचा जा सके।

हाल के दिनों में नवी मुंबई और आसपास के इलाकों में ड्रग्स तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button