27 करोड़ की ड्रग्स जब्त, 6 तस्कर गिरफ्तार; बाराक नदी में नाव रोककर पकड़ा

इंफाल। मणिपुर के जिरीबाम जिले में सुरक्षा बलों ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की ड्रग्स जब्त की है। संयुक्त अभियान में असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने छह कथित तस्करों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई गुरुवार को तुपीधार इलाके में की गई।
सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बाराक नदी के रास्ते ड्रग्स की खेप लेकर इलाके में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान जवानों ने नदी में एक संदिग्ध नाव को देखा और उसे रोकने की कोशिश की।
नाव में सवार लोगों ने सुरक्षा बलों को देखते ही भागने का प्रयास किया। इसके बाद जवानों ने उनका पीछा किया और सभी छह लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान नाव से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए गए। जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत 27 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एल्बेथेल लुंगताऊ, पाना हमार, डेंथार हमार, लालतियुंगलियन हमार, लाल रामथार हमार और थौना हमार के रूप में हुई है।
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रग्स की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही आरोपियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, मणिपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। नदी और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।





