जेल से फरार हुआ नशे का साैदागर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रायपुर। राजधानी रायपुर की केंद्रीय जेल से गुरुवार को सुरक्षा चूक की घटना सामने आई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत सजा काट रहा कैदी चंद्रवीर सिंह फरार हो गया। वर्ष 2021 से जेल में बंद चंद्रवीर की इस भागदौड़ ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच पांच कैदियों को जेल परिसर में बने महिला जेल के पास निर्माणाधीन हिस्से में वेल्डिंग कार्य के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान कैदी ने जेलकर्मियों को चकमा दिया और मौके से भाग निकला।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन हरकत में आया और अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन कैदी का सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद गंज थाना पुलिस को सूचना दी गई और फरारी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

फिलहाल पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित ठिकानों पर कैदी की तलाश की जा रही है। उसकी फोटो जारी कर दी गई है ताकि आम लोग भी सूचना दे सकें।

कैदी के इस तरह फरार होने पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ऐसा कैसे संभव हुआ। घटना ने न केवल जेल प्रशासन बल्कि पुलिस महकमे को भी चौकन्ना कर दिया है। सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक की जांच की जा रही है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Exit mobile version