रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की लाभांडी-कचना-सड्डू नगर विकास योजना में प्रस्तावित भूखंडों के आवंटन को लेकर विवाद शुरू हो गया है।
कांग्रेस नेता डॉ. राकेश गुप्ता ने आरोप लगाया है कि वनमंत्री केदार कश्यप की पत्नी शांति कश्यप से जुड़ी कंपनी राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड को कचना की जमीन के बदले सड्डू में करीब 20 करोड़ रुपए कीमत का भूखंड दिया जा रहा है। उन्होंने मुख्य सचिव को पत्र भेजकर पूरी योजना की जांच और निरस्तीकरण की मांग की है।
सड्डू में 23 हजार वर्गफीट का प्लॉट देने का दावा
डॉ. गुप्ता के मुताबिक कंपनी को सड्डू में प्लॉट नंबर 25 प्रस्तावित किया गया है। इसका क्षेत्रफल करीब 2,168 वर्गमीटर यानी 23,327 वर्गफीट है। कांग्रेस नेता का दावा है कि यह भूखंड प्रस्तावित 150 फीट चौड़ी MR-43 सड़क के पास है। उन्होंने भविष्य में जमीन का मूल्य करीब 10 हजार रुपए प्रति वर्गफीट होने का अनुमान लगाते हुए इसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपए बताई है। यह बाजार मूल्य का उनका अनुमान है, RDA द्वारा निर्धारित कीमत नहीं।
कचना की 1.33 एकड़ जमीन के बदले सड्डू में आवंटन का आरोप
डॉ. गुप्ता का दावा है कि संबंधित कंपनी के पास कचना के नालापारा क्षेत्र में करीब 1.33 एकड़ जमीन है। उनके अनुसार वहां पहुंचने का रास्ता संकरा है और इसी वजह से जमीन की बाजार उपयोगिता सीमित थी। आरोप है कि नगर विकास योजना में जमीन शामिल किए जाने के बाद कंपनी को कचना से करीब एक किलोमीटर दूर सड्डू में प्लॉट दिया जा रहा है।
धारा 50 का हवाला देकर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 50 के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि अंतिम भूखंड मूल भूमि या उससे लगे क्षेत्र में दिए जाने से संबंधित प्रावधान हैं। उन्होंने अन्य भू-स्वामियों को प्रमुख सड़क के बजाय अंदरूनी हिस्सों में प्लॉट दिए जाने का आरोप भी लगाया।
RDA बोला- दावा-आपत्ति आने पर होगी जांच
RDA अधिकारियों के अनुसार फिलहाल उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। RDA CEO अवनीश शरण ने कहा है कि दावा-आपत्ति आने पर संबंधित कमेटी आपत्तियों की जांच करेगी और उसके बाद निर्णय लिया जाएगा। मंत्री केदार कश्यप या संबंधित कंपनी की ओर से आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
