मोबाइल देखने की बात पर विवाद, पत्नी-बेटी सहित तीन लोगों ने पिता को उतारा मौत के घाट

रायपुर। रायपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, बेटी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। मामला डीडीनगर थाना क्षेत्र का है, जहां सितंबर 2025 में हुई संदिग्ध मौत की जांच अब हत्या में बदल गई है।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2025 को वीरेन्द्र भारती गोस्वामी की मौत की सूचना मिली थी। प्रारंभिक तौर पर इसे सामान्य घटना मानकर मर्ग कायम किया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 17 गंभीर चोटें मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया। इसके बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की।

डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल के मार्गदर्शन और एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा के पर्यवेक्षण में एसीपी देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी और बेटी से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि 27 सितंबर 2025 की रात मोबाइल देखने को लेकर घर में विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पत्नी, बेटी और नाबालिग ने लकड़ी के बैट और ईंट से मृतक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। खून के निशान साफ किए गए और इस्तेमाल किए गए हथियार व कपड़ों को पास के नाले में फेंक दिया गया। साथ ही परिजनों को गुमराह करने के लिए यह कहानी बनाई गई कि मृतक बाथरूम में गिरकर बेहोश हो गया था।

पुलिस ने इस मामले में धारा 103(1), 238 और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को 15 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Exit mobile version