ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज गिग वर्करों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बुधवार के प्रश्नकाल में ब्लिंकइट, स्विगी, जोमैटो और रेपिडो जैसी कंपनियों में काम करने वाले गिग वर्करों का मामला उठाया जाएगा। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर इन प्लेटफॉर्म आधारित कर्मचारियों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े सवाल सदन में रखेंगे। यह मुद्दा राज्य में तेजी से बढ़ रहे गिग वर्क को लेकर चर्चा का महत्वपूर्ण बिंदु माना जा रहा है।

साथ ही सदन में पीडब्ल्यूडी, उद्योग, श्रम, जल जीवन मिशन और शहरी हरियाली जैसे विषयों पर भी सरकार से जवाब मांगे जाएंगे। डिप्टी सीएम अरुण साव लोक निर्माण विभाग से जुड़े सवालों पर चर्चा करेंगे, जबकि उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के विभाग से संबंधित प्रश्न सूची में शामिल हैं।

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह शहरी हरियाली और ऑक्सीजोन के विकास का मुद्दा उठाएंगे। बालोद विधायक संगीता सिन्हा जल जीवन मिशन से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से अपने क्षेत्र की योजनाओं के क्रियान्वयन पर सरकार से जवाब मांगेंगी।

सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। प्रश्नकाल के बाद अलग-अलग विभागों से संबंधित वार्षिक प्रतिवेदन और महत्वपूर्ण दस्तावेज सदन की मेज पर रखे जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिजली से जुड़े संशोधन नियमों की अधिसूचनाएं पेश करेंगे। उपमुख्यमंत्री (गृह) विजय शर्मा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन और परिवहन मंत्री केदार कश्यप मोटरयान कराधान से संबंधित अधिसूचना प्रस्तुत करेंगे।

इसके अलावा स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी अनियमितताओं, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, स्कूलों के उन्नयन, स्वास्थ्य केंद्रों और सड़क-सेतु निर्माण जैसी जनहित याचिकाएं सदन में प्रस्तुत होंगी। सदन में पिछले सत्र के अपूर्ण प्रश्नों के पूर्ण उत्तर भी रखे जाएंगे और राज्यपाल के अभिभाषण पर प्रस्ताव पर चर्चा होगी। आज का प्रश्नकाल रोजगार, बुनियादी ढांचा, पेयजल और शहरी पर्यावरण जैसे प्रमुख जनहित मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।

Related Articles

Back to top button