दिव्यांग आर्चरी खिलाड़ियों को मिलेंगी सभी तीरंदाजी सुविधाएं, मुख्यमंत्री ने दिया प्रोत्साहन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग आर्चरी खिलाड़ी होरीलाल यादव और लक्की सोनी ने सौजन्य मुलाकात की।
दोनों खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वे दिव्यांग तीरंदाजी के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं और आगामी फरवरी माह में पटियाला में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं।
मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने बताया कि वे राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी स्पर्धाओं में भी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें आधुनिक और उच्च स्तरीय तीरंदाजी उपकरणों तथा आवश्यक प्रशिक्षण सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सहयोग का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांग आर्चरी खिलाड़ियों को तीरंदाजी से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे बिना किसी बाधा के अभ्यास कर सकें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने खेल कौशल को और निखारें तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में राज्य और देश को गौरवान्वित करेंगे।





