दिव्यांग टीचर का गला काटा, ट्राईसाइकिल समेत शव जलाया: सक्ती में जमीन विवाद में हत्या; आरोपी बोला- 7 लाख ले लिए, रजिस्ट्री नहीं कराई

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां जमीन विवाद के चलते एक दिव्यांग शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने न केवल कुल्हाड़ी से गला काटकर शिक्षक को मौत के घाट उतारा, बल्कि सबूत मिटाने के लिए उनकी ट्राईसाइकिल समेत शव को आग के हवाले कर दिया। मामला जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जर्वे का है।
7 लाख का लेनदेन बना मौत का कारण
मृतक देवानंद भारद्वाज (42) ग्राम पिहरीद के शासकीय स्कूल में शिक्षक थे और दोनों पैरों से दिव्यांग थे। जानकारी के मुताबिक, देवानंद ने गांव के ही टीमन लाल मनहर से जमीन खरीदने के लिए 7 लाख रुपये का सौदा किया था। शिक्षक ने पूरी रकम दे दी थी, लेकिन आरोपी टीमन न तो जमीन की रजिस्ट्री कर रहा था और न ही पैसे लौटा रहा था। आरोपी हाल ही में जम्मू-कश्मीर के ईंट भट्ठे से काम कर लौटा था।
रास्ते में घेरकर कुल्हाड़ी से वार
गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक पान दुकान के पास दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी मारपीट पर उतारू हो गया। जब शिक्षक अपनी ट्राईसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी सूनसान रास्ते में टीमन कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और उनके गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
सबूत मिटाने के लिए फूंकी बॉडी
हत्या के बाद आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उसने शिक्षक के शव को उनकी ट्राईसाइकिल के साथ ही खेत में जला दिया। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों ने जली हुई हालत में शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने खून के धब्बे और जलने के साक्ष्य जुटाए हैं।





