खैरागढ़। शहर में डायरिया का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। बीते 24 घंटों में डायरिया से दो लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक महिला भी शामिल है। लगातार बढ़ते मामलों ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है।
जानकारी के मुताबिक, हर दिन बड़ी संख्या में उल्टी-दस्त के मरीज अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि खैरागढ़ सिविल अस्पताल में बिस्तर पूरी तरह भर चुके हैं। मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर में लंबे समय से नालियां जाम हैं और गलियों में गंदगी फैली हुई है। इसके अलावा नलों से गंदा पानी आ रहा है। नगर पालिका को बार-बार शिकायतें की गईं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन ही दिया गया। लोगों का कहना है कि लापरवाही की वजह से स्थिति और बिगड़ती जा रही है।
इस बीच खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा हाल ही में सिविल अस्पताल पहुंचीं और मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने सार्वजनिक रूप से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की लापरवाही को इस स्थिति का जिम्मेदार ठहराया।
वहीं, सिविल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. पंकज वैष्णव ने स्पष्ट किया कि डायरिया फैलने का मुख्य कारण दूषित पेयजल है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उबालकर पानी पिएं और साफ-सफाई पर ध्यान दें।