धमतरी का ‘युवा फेस्ट-2026’ संपन्न:‘जादू बस्तर’ के सुरों पर झूमे युवा, 23 प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित

धमतरी। धमतरी के पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित दो दिवसीय ‘युवा फेस्ट-2026’ का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। इस आयोजन ने युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति और आधुनिक संगीत का शानदार संगम पेश किया।

समापन समारोह में प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, नवाचार और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज का युवा ही ‘विकसित भारत-2047’ का आधार स्तंभ है। स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलकर युवा देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं। मंत्री वर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार की युवा कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए युवाओं से इनका लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंतिम दिन ‘दायरा बैंड’ (जादू बस्तर) की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। बैंड ने छत्तीसगढ़ी लोकधुनों और आधुनिक फ्यूजन संगीत से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर झूम उठा। लोक और आधुनिक संगीत के इस संगम ने हर उम्र के दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंत्री ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन और खासकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की सराहना की। वहीं महापौर रामू रोहरा ने युवाओं से अपनी रचनात्मकता के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की।

समापन समारोह में सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल और नवाचार से जुड़ी 23 प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पीजी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रनिंग ट्रॉफी अपने नाम की।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि फेस्ट का उद्देश्य युवाओं को स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और कला-संस्कृति से जोड़ना है। यह आयोजन युवाओं के लिए यादगार और प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ।

Exit mobile version