SP अंकिता शर्मा की AK-47 फायरिंग पर PHQ ने मांगा जवाब, जांच के बाद होगी कार्रवाई

पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ने हथियार चलाने के तरीके पर उठाए सवाल, IG अजय यादव बोले- स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार कदम उठाएंगे

रायपुर। राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा का दशहरा पर शस्त्र पूजा के दौरान AK-47 से फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस मुख्यालय (PHQ) तक पहुंच गया है।

मुख्यालय ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने कहा है कि जवाब मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

साड़ी पहनकर AK-47 से चलाईं गोलियां

दशहरा के दिन राजनांदगांव पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने AK-47 से 8 से 9 राउंड फायरिंग की थी।

इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हथियार चलाने के तरीके और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठे। पुलिस लाइन में एएसपी कीर्तन राठौर की ओर से भी फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आया था।

पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ने बताईं 8 खामियां

भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने भी वीडियो पर सवाल उठाए। उन्होंने आठ बिंदुओं में हथियार संभालने के तरीके और सुरक्षा प्रक्रियाओं में कथित खामियों की ओर ध्यान दिलाया। उनका कहना था कि लोडेड हथियार का इस्तेमाल करते समय बेहद सावधानी जरूरी है और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कई जिलों में सामने आए फायरिंग के वीडियो

दशहरा पर शस्त्र पूजा के बाद रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और सुकमा समेत कई जिलों में पुलिस अधिकारियों की फायरिंग के वीडियो सामने आए। छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी डीएम अवस्थी ने कहा कि पहले शस्त्र पूजा के दौरान फायरिंग की परंपरा नहीं थी।

हथियारों का अभ्यास आमतौर पर निर्धारित फायरिंग रेंज में किया जाता है, जबकि जरूरत पड़ने पर कानून-व्यवस्था के लिए उनका इस्तेमाल होता है। फिलहाल PHQ ने एसपी अंकिता शर्मा से जवाब मांगा है। आगे की कार्रवाई उनके स्पष्टीकरण और जांच के आधार पर की जाएगी।

↑
Exit mobile version