तमिलनाडु के ऊटी में ओस जमी, MP में शीतलहर: 5 राज्यों के 30 जिलों में पारा 10° से नीचे, दिल्ली में AQI 400 पार

दिल्ली। देश में सर्दी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। हिमालय की ऊंची चोटियों पर हुई ताजा बर्फबारी के बाद बर्फीली हवाएं सीधे मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान गिर गया है। राजस्थान के 12, मध्य प्रदेश के 10, छत्तीसगढ़ के 1 और हिमाचल प्रदेश के 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ है। भोपाल, इंदौर और राजगढ़ जैसे शहर इस समय देश के 12 सबसे ठंडे शहरों में शामिल हैं।
दक्षिण भारत में भी ठंड का असर दिखने लगा है। तमिलनाडु के ऊटी में लौटते मानसून की बारिश के बीच ओस जमने लगी है। वहां सुबह के समय कारों, पेड़ों और पौधों पर जमी बर्फ जैसी ओस ने ठंड का एहसास बढ़ा दिया।
राजस्थान में झुंझुनूं, अलवर और उदयपुर में सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। सीकर का तापमान 7 डिग्री रहा। मध्य प्रदेश में बर्फीली हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई है और राजगढ़ का पारा 7.4 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने भोपाल, शाजापुर और इंदौर में कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की है।
छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में पारा 9 डिग्री तक गिर गया है, जबकि सरगुजा संभाग में शीतलहर अलर्ट जारी हुआ है। झारखंड के 10 जिलों में तापमान 15 डिग्री से नीचे चला गया है और आने वाले तीन दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।
इस बीच, दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। निजामुद्दीन इलाके में AQI 400 से ऊपर दर्ज हुआ है, जिससे घनी धुंध छाई हुई है और दृश्यता पर असर पड़ रहा है।





