भिलाई। छत्तीसगढ़ में चर्चित सेक्स वीडियो वायरल मामले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने पुलिस जांच में सहयोग करते हुए अपना फोटो और वीडियो सैंपल सौंप दिया है। भिलाई नगर थाने पहुंचकर उन्होंने यह सैंपल दिया, जिसे पुलिस ने रिकॉर्ड में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है।
दरअसल, वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले एक कथित MMS वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहा था। उस समय भाजपा ने आरोप लगाया था कि वीडियो में दिख रहा युवक विधायक देवेंद्र यादव हैं और मामले की जांच की मांग की गई थी। हालांकि, विधायक ने इसे शुरू से ही फर्जी और छवि खराब करने की साजिश बताया है।
शनिवार को थाने पहुंचने से पहले विधायक ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उन्होंने इस मामले में खुद FIR दर्ज कराई थी, लेकिन करीब तीन साल बाद भी जांच पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने नोटिस की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि नोटिस समय पर नहीं पहुंचा, फिर भी वे जांच में सहयोग के लिए स्वयं थाने पहुंचे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें किसी नोटिस की जरूरत नहीं, बल्कि वे चाहते हैं कि जल्द से जल्द सच्चाई सामने आए।
विधायक ने बताया कि वायरल वीडियो को लेकर पहले भी उन्होंने फॉरेंसिक जांच कराई थी, जिसमें यह सामने आया था कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति कोई और है। उनका आरोप है कि चुनाव के समय इस वीडियो के जरिए राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की गई थी।
उन्होंने कहा कि यदि अन्य मामलों में केंद्रीय एजेंसियों से जांच हो सकती है, तो इस मामले में भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस सैंपल के आधार पर तकनीकी जांच आगे बढ़ा रही है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रही है।
