रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय एवं निरंतर संवाद से विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य के सहयोगात्मक प्रयासों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने यह बात शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से हुई सौजन्य भेंट के दौरान कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री का शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य के बीच मजबूत साझेदारी से छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास, उद्योग विस्तार, रोजगार सृजन, कौशल विकास और जनसेवा से जुड़े क्षेत्रों में नए अवसर तैयार हो रहे हैं। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारना और प्रदेश के हर वर्ग तक उनका लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली है। बेहतर तालमेल के कारण प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के बीच इसी तरह सहयोग और समन्वय बना रहेगा, जिससे छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसमें केंद्र सरकार की योजनाओं और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के साझा प्रयासों से प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आम जनता के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और मुख्यमंत्री साय के बीच प्रदेश के विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
