सीएम साय के नेतृत्व में विकास को नई गति: कुनकुरी विधानसभा की प्रमुख परियोजनाओं को वित्त विभाग की स्वीकृति

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिल रही है। इसी क्रम में जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में वित्त विभाग ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति और सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है।
वित्त विभाग ने तुमला से मेडर (ओडिशा सीमा) तक 12.80 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना के लिए ₹27.73 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इस मार्ग के बनने से सीमावर्ती गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय व्यापारिक व सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
इसके साथ ही, कांसाबेल विकासखंड की मैनी नदी पर बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई योजना को भी 79.38 करोड़ की स्वीकृति मिली है। इस योजना से किसानों को वर्षभर सिंचाई की सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए कुनकुरी में नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय भवन के निर्माण हेतु ₹359 करोड़ की सैद्धांतिक सहमति दी गई है। यह परियोजना आदिवासी अंचल के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर देगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाएगी।
वहीं, फरसाबहार विकासखंड की कोकिया व्यपवर्तन योजना को 16.17 करोड़ की स्वीकृति मिली है। इस परियोजना से जल संरक्षण और सिंचाई तंत्र को मजबूती मिलेगी।
सरकार का लक्ष्य है कि इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्रीय विकास, कृषि उन्नति और सामाजिक-आर्थिक प्रगति को नई दिशा दी जा सके।



