दिल्ली सचिवालय को किया गया सील, आला अधिकारियों को तुरंत पहुंचने का निर्देश

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में भाजपा पार्टी की सरकार बनने वाली है। इस बीच दिल्ली सचिवालय में आला अधिकारियों को तुरंत पहुंचने का निर्देश दिया गया है। दिल्ली में चुनाव रुझानों को देखते हुए अधिकारियों को पहुंचने के लिए बोला गया है। इसके अलावा सरकारी दस्तावेज और डाटा प्रोटेक्ट करने के लिए कहा गया है। इस संबंध में एक आदेश जारी किया गया है। यह आदेश सचिवालय कार्यालयों एवं मंत्रिपरिषद के कैम्प कार्यालयों पर भी लागू होगा। साथ ही दोनों कार्यालयों के प्रभारियों को भी इस आदेश के अनुपालन हेतु निर्देशित किया गया है।
दरअसल, विधानसभा चुनाव के नतीजों से सत्ता परिवर्तन का संकेत मिलने के बीच दिल्ली सरकार के मुख्यालय दिल्ली सचिवालय को आधिकारिक फाइल, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। उपराज्यपाल वी के सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने एक आदेश जारी किया है। इसमें सभी विभागों, एजेंसियों और मंत्रियों के कैंप कार्यालयों को निर्देश दिया है कि वे विभाग की अनुमति के बिना कोई भी रिकॉर्ड या फाइल न हटाएं।