दिल्ली एक्सीडेंट मामला: आरोपी के पिता बोले— नादानी में बेटे से गलती, बेहद शर्मिंदा हूं; पीड़ित की मां से जिंदगीभर माफी मांगने को तैयार

दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 3 फरवरी को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की मौत के मामले में अब आरोपी नाबालिग के पिता का भावुक बयान सामने आया है। उन्होंने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि हादसे के वक्त वे शहर से बाहर थे और उनके बेटे ने नादानी में कार की चाबियां ले ली होंगी। अगर वे दिल्ली में होते, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
आरोपी के पिता ने कहा कि इस घटना से वे बेहद शर्मिंदा हैं और उन्होंने पीड़ित की मां को मैसेज भेजकर अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक सच्चाई को बदला नहीं जा सकता, लेकिन वे पीड़ित परिवार के दुःख को समझते हैं और जीवनभर उनसे माफी मांगने को तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपने बच्चे की गलती से किसी और के घर का चिराग बुझ जाना असहनीय पीड़ा है।
गौरतलब है कि 3 फरवरी को द्वारका के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार साहिल धनेशरा को टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय कार नाबालिग चला रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्घटना से पहले कार में रील बनाई जा रही थी। साहिल की मां इन्ना माकन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें कार के अंदर से रिकॉर्डिंग होती दिख रही है। उनका आरोप है कि ड्राइविंग के दौरान लापरवाही और मस्ती के चलते यह हादसा हुआ।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि साहिल की मौत सिर और सीने में गंभीर चोटों तथा अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। उसकी खोपड़ी और कई पसलियों में फ्रैक्चर पाया गया, जबकि फेफड़ों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा था।
साहिल की मां ने बेटे के लिए न्याय की मांग करते हुए कहा कि अमीरी और लापरवाही की कीमत उनके बेटे को जान देकर चुकानी पड़ी। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।





