दीपके, सौरव और आशुतोष रिहा; CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर आज फिर प्रदर्शन

दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार सुबह करीब 10 बजे 23 घंटे हिरासत में रखने के बाद रिहा कर दिया गया।

तीनों को दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया था। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह के मुताबिक, नेताओं को एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त पर रिहा किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले तीनों नेताओं को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से हिरासत में लिया था। पुलिस ने इसे एहतियाती कार्रवाई बताया। CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को लगातार दूसरे दिन जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है।

शनिवार को हजारों लोग हिरासत में लिए गए

शनिवार को दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई इलाकों में बैरिकेडिंग और नाकेबंदी की थी। पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग जगहों से करीब 7 हजार लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन के दौरान दो स्थानों पर पथराव हुआ, जिसमें सात पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। सिविक सेंटर के पास प्रदर्शनकारियों से मारपीट के वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

रविवार को दिल्ली में 30 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, बस टर्मिनल और बॉर्डर इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी रविवार तड़के रिहा कर दिया गया।

मेट्रो-ट्रेन बंद करने पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

दिल्ली में 250 ट्रेनें रद्द करने और 45 मेट्रो स्टेशन बंद रखने के मामले में सुप्रीम कोर्ट रविवार को सुनवाई करेगा। याचिका में गृह सचिव, दिल्ली पुलिस कमिश्नर और DMRC चेयरपर्सन के खिलाफ अदालत के आदेश की कथित अवहेलना को लेकर अवमानना कार्रवाई की मांग की गई है।

↑
Exit mobile version