BJP कार्यालय में मनाई गई पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती: सीएम साय बोले- ‘अंत्योदय’ का सिद्धांत भाजपा-सरकार की योजनाओं की आधारशिला

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा और उत्साहपूर्वक मनाई गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्मृति मंदिर में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके विचारों को वर्तमान राजनीति व समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उनका जीवन सादगी, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना का प्रतीक रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उपाध्याय जी के आदर्शों पर चलकर समाजसेवा और राष्ट्रसेवा में सक्रिय योगदान दें। सीएम ने कहा कि उपाध्याय जी का “नवीन भारत” का संकल्प आज भी प्रासंगिक है और इसे साकार करने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उपाध्याय जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका सपना था कि समाज का कोई भी व्यक्ति शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मान जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। उनका “अंत्योदय” का सिद्धांत आज भी भाजपा की नीतियों और सरकार की योजनाओं की आधारशिला है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भगवान गणेश और माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे उपाध्याय जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाकर अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाएंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित यह समारोह केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ उपाध्याय जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प भी बना। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।