सोडा-गन्ना जूस की बर्फ में मिला मरा मेंढक: VIDEO वायरल, फैक्ट्री पर कार्रवाई की मांग

कोरबा। शहर के घंटाघर चौपाटी में उस समय हड़कंप मच गया, जब सोडा-गन्ना जूस में इस्तेमाल की जा रही बर्फ में मरा हुआ मेंढक मिला। जूस बनाने के दौरान जैसे ही बर्फ की सिल्ली तोड़ी गई, अंदर मेंढक दिखाई दिया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जूस बनाते समय हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, चौपाटी में एक जूस संचालक दुकान लगाता है। शुक्रवार शाम ग्राहक आने पर वह जूस तैयार कर रहा था। इसी दौरान बर्फ तोड़ते समय उसमें मरा हुआ मेंढक नजर आया। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई।

चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा भी मौके पर पहुंचे और बर्फ को तोड़कर मेंढक को बाहर निकाला। घटना के बाद लोगों में नाराजगी साफ देखी गई।

बर्फ डिपो पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि जूस दुकान में इस्तेमाल की जा रही बर्फ धन्नु बर्फ डिपो से लाई गई थी, जो थोक में फैक्ट्री से सप्लाई होती है। इस घटना के बाद ग्राहकों ने खाद्य-औषधि विभाग और नगर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

संघ अध्यक्ष रवि वर्मा ने कहा कि यह गंभीर लापरवाही है और संबंधित बर्फ फैक्ट्री के संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

डिपो संचालक ने जताई अनभिज्ञता
वहीं, सुभाष चौक स्थित बर्फ डिपो संचालक डी. गुप्ता ने कहा कि वे कई फैक्ट्रियों से बर्फ मंगाते हैं। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि संबंधित बर्फ किस फैक्ट्री से आई थी या यह उनके डिपो की ही थी या नहीं।

खाद्य विभाग करेगा जांच
खाद्य-औषधि विभाग के अधिकारी विकास भगत ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। शहर की सभी बर्फ फैक्ट्रियों की भी जांच की जाएगी।

फिलहाल घटना के बाद भी दुकान संचालित हो रही है, लेकिन ग्राहकों में नाराजगी बनी हुई है। यह मामला खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Exit mobile version