रायपुर। रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र स्थित टाटीबंध की पॉश कॉलोनी पार्थिवी पेसिफिक में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 5.55 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, डाफोडिल ब्लॉक निवासी स्वप्नेश्वर हरिचंदन सिलतरा स्थित गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी और बच्चे गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए ओडिशा स्थित पैतृक गांव गए हुए थे। शनिवार सुबह स्वप्नेश्वर हरिचंदन घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए थे। दोपहर करीब 3 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर जाकर देखा तो बेडरूम में रखी गोदरेज अलमारी और लॉकर भी टूटे हुए थे। चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो चुके थे। पीड़ित के मुताबिक चोरी हुए सामान में सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, छह जोड़ी बालियां, बच्चे का सोने का कड़ा, लॉकेट, चूड़ियां, चांदी की पायल, बिछिया, चांदी की कटोरी-चम्मच, सिक्के और 5 हजार रुपये नकद शामिल हैं। कुल नुकसान करीब 5.55 लाख रुपये आंका गया है।
घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।
