शीतकालीन सत्र का आठवां दिन: लोकसभा में चुनाव सुधारों पर कानून मंत्री देंगे जवाब; विपक्ष ने लगाया था वोट चोरी का आरोप

दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के 8वें दिन लोकसभा में चुनाव सुधारों पर केंद्र सरकार का पक्ष रखा जाएगा। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल विपक्ष के आरोपों वोट चोरी, चुनाव आयोग की भूमिका और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की वैधता पर जवाब देंगे।
मंगलवार को हुई चर्चा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि “भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि आरएसएस सभी संस्थाओं पर कब्जा करना चाहती है। विपक्षी सांसदों ने इस दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ के नारे लगाए। राज्यसभा में आज गृह मंत्री अमित शाह SIR पर चर्चा शुरू कर सकते हैं। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर भी सदन में आगे की बहस निर्धारित है।
8 दिसंबर को लोकसभा में विपक्ष ने SIR को गैरकानूनी बताया था। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि 12 राज्यों में चल रही यह प्रक्रिया संविधान में उल्लिखित नहीं है और इसे तत्काल रोका जाना चाहिए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार और चुनाव आयोग SIR के बहाने NRC जैसा काम कर रहे हैं।
TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि SIR “वोट डिलीट करने का टूल” बन गया है। आज सुबह लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई। इस बीच भाजपा और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक जारी रही।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी को “पार्ट-टाइम नेता” बताया, जबकि कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने वंदे मातरम् को देश की आजादी के इतिहास से जोड़ते हुए भाजपा को घेरा। भाजपा सांसद शशांक मणि ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद सत्र के बीच विदेश दौरे पर जा रहे हैं। आज के सत्र में सरकार कई अहम विधेयकों और चर्चाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।



