शतरंज विश्व कप में बेटियों का जलवा, मुख्यमंत्री साय ने दी शुभकामनाएं

रायपुर। FIDE महिला शतरंज विश्व कप–2025 में भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया है। विजेता दिव्या देशमुख और उपविजेता कोनेरू हम्पी के बेहतरीन प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस जीत को न केवल खेल की उपलब्धि, बल्कि भारत की बेटियों की शक्ति, संकल्प और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जब किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल में दो भारतीय बेटियाँ आमने-सामने हों, तो यह भारत के लिए गर्व से अधिक आत्मबल का उत्सव बन जाता है। दिव्या देशमुख द्वारा विश्व खिताब जीतना और कोनेरू हम्पी का उपविजेता बनना यह साबित करता है कि आज की भारतीय बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि यह जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और देशभर की लड़कियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए हौसला देगी। दिव्या और हम्पी की दृढ़ता, एकाग्रता और मेहनत इस ऐतिहासिक सफलता की असली कुंजी रही। उन्होंने शतरंज की बिसात पर देश का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि यह पल देश की बेटियों के आत्मबल को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि भारत को वर्षों तक प्रेरित करती रहेगी।