StateNewsदेश - विदेश

डेटिंग ऐप से हनीट्रैप: राजधानी में अपहरण और 7 लाख की लूट का खुलासा

दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली में दिल्ली पुलिस ने डेटिंग ऐप के जरिए हनीट्रैप कर अपहरण और लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह में एक महिला समेत पांच आरोपी शामिल थे, जो पहले युवकों को फंसाते और फिर उन्हें धमकाकर पैसे लूट लेते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से दो कारें व पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 25 मार्च का है। पीड़ित अनुरूप नारूला नामक युवक एक डेटिंग ऐप पर ‘Sherry’ नाम की प्रोफाइल के संपर्क में आया था। महिला ने उसे मिलने के लिए नेहरू प्लेस बुलाया। जैसे ही वह तय स्थान पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद महिला के चार साथियों ने उस पर हमला कर दिया और जबरन कार में बैठा लिया।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसका गला दबाया और जान से मारने की धमकी देकर उससे करीब 7 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। यह रकम यूपीआई, एटीएम और क्रेडिट कार्ड के जरिए ली गई। वारदात के बाद आरोपियों ने उसे नेहरू प्लेस के पास छोड़ दिया और पुलिस में शिकायत न करने की धमकी दी। बाद में पीड़ित ने कालकाजी थाना में मामला दर्ज कराया।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की पहचान की। सबसे पहले ऋषभ राघव को पकड़ा गया, जिसके बाद नवोजित, संजय उर्फ जोई और हरलीन कौर उर्फ जेनी को मालवीय नगर से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि महिला डेटिंग ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को फंसाती थी और उसके साथी लूटपाट को अंजाम देते थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button