जबलपुर में बरगी डैम में डूबा क्रूज, 9 शव मिले

28 लोगों को बचाया गया, 9 से ज्यादा अब भी लापता; तेज आंधी में हुआ हादसा, रेस्क्यू जारी
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। पर्यटन विभाग का एक क्रूज तेज आंधी के बीच डैम में पलटकर डूब गया। हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक 9 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार दोपहर 3 से 4 बजे के बीच हुआ। उस समय डैम क्षेत्र में करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थीं। बताया जा रहा है कि क्रूज में 43 से 47 पर्यटक सवार थे, जबकि टिकट सिर्फ 29 लोगों की कटी थी। हादसा किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। SDRF, पुलिस, सेना और प्रशासन की टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खराब मौसम और अंधेरे की वजह से राहत कार्य में परेशानी आई, लेकिन शुक्रवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन तेज किया गया। हैदराबाद से स्पेशल टीम और हेलिकॉप्टर भी रवाना किया गया है, जबकि पैरामिलिट्री की टीम कोलकाता से जबलपुर पहुंच चुकी है।
हादसे में दिल्ली से घूमने आए एक परिवार की दर्दनाक कहानी सामने आई है। मरिना मैसी और उनके 4 साल के बेटे त्रिशान के शव शुक्रवार सुबह मिले। मां ने अपनी लाइफ जैकेट में बेटे को सीने से चिपकाकर रखा था। दोनों के शव एक-दूसरे से लिपटे मिले। पिता प्रदीप मैसी और बेटी किसी तरह बच गए।
क्रूज के पायलट महेश ने बताया कि सुरक्षा के इंतजाम थे, लेकिन अचानक आए तूफान ने क्रूज को अनियंत्रित कर दिया। वहीं पर्यटन विभाग ने बताया कि डूबा हुआ क्रूज 2006 में बना था और उसकी क्षमता 60 यात्रियों की थी।
घटना के बाद प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने कहा कि नर्मदा में पेट्रोल-डीजल बोट पर रोक की जानकारी उन्हें नहीं थी। मुख्यमंत्री मोहन यादव के भी जबलपुर पहुंचने की संभावना है।



