रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी में उमड़ी भीड़: होटल का छज्जा गिरा, एंबुलेंस फंसी; नागलोक-यमलोक की दिखी थीम

रायपुर। गणेश विसर्जन के मौके पर रायपुर में सोमवार रात शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जयस्तंभ चौक और आसपास के इलाकों में देर रात तक भीड़ रही। झांकियों में धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों को अलग-अलग थीम के जरिए प्रदर्शित किया गया।

एक झांकी में वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध, जबकि दूसरी में यमलोक में रावण के हमले का दृश्य दिखाया गया। भगवान श्रीकृष्ण को गरुड़ का घमंड तोड़ते हुए भी झांकी में प्रदर्शित किया गया। भगवान जगन्नाथ और गणेश परिवार से जुड़ी झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

भीड़ में फंसी एंबुलेंस, महिला परिवार से बिछड़ी

झांकी मार्ग पर भारी भीड़ के चलते कई जगह यातायात प्रभावित हुआ। इस दौरान एक एंबुलेंस भीड़ में फंस गई, जिसे पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। दुर्ग से आई एक महिला भी भीड़ में अपने परिवार से बिछड़ गई। पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने महिला की मदद की और उसे परिवार से मिलाने की कोशिश की।

तेज DJ की आवाज और कंपन से छज्जा गिरा

एमजी रोड पर मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास तेज DJ और धुमाल की आवाज के बीच एक दुकान के छज्जे का हिस्सा गिर गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। तेज आवाज के बीच लोग नाचते रहे, जबकि पुलिस उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश करती दिखाई दी। कुछ लोगों ने तेज आवाज को लेकर शिकायत भी की।

ड्रोन-CCTV से निगरानी

झांकी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रही। पुलिस ने ड्रोन और CCTV कैमरों से निगरानी की। डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी नियम तय किए गए थे। तेलघानी नाका से शारदा चौक तक चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में कड़े और देशी शराब की बोतलें जब्त की गईं।

↑
Exit mobile version