ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

निजी स्कूलों पर शिकंजा: मनमानी फीस और महंगी किताबों पर DEO का नोटिस, जुर्माने की चेतावनी

अंबिकापुर। अंबिकापुर में निजी स्कूलों की मनमानी पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने सख्त रुख अपनाया है। सरगुजा जिले के दो बड़े निजी स्कूल—मोंटफोर्ट स्कूल और बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल—को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। दोनों स्कूलों पर अभिभावकों से मनमाने ढंग से फीस वसूलने, महंगी किताबें-कॉपियां खरीदने के लिए बाध्य करने और नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे हैं।

शिकायतों के आधार पर हाल ही में प्रशासन द्वारा स्कूलों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि कक्षा पहली से आठवीं तक निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें अनिवार्य रूप से लागू की गई हैं और अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से ही पूरा बंडल खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। कई मामलों में मोबाइल मैसेज के जरिए भी दबाव बनाया गया।

मोंटफोर्ट स्कूल के खिलाफ जारी नोटिस में उल्लेख है कि निरीक्षण के दौरान अभिभावकों ने पैरेंट्स मीटिंग में खुलकर शिकायतें रखीं। स्कूल में यूनिफॉर्म और किताबों की सूची सूचना पटल पर प्रदर्शित नहीं पाई गई। साथ ही हर साल एडमिशन फीस वसूली और 5 से 14 प्रतिशत तक फीस बढ़ोतरी भी नियमों के खिलाफ पाई गई है। स्कूल प्रबंधन से दो दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।

वहीं बिरला ओपन माइंड स्कूल में डीईओ के निरीक्षण के दौरान और भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यहां भी निजी प्रकाशकों की किताबें बंडल में खरीदने का दबाव और मनमाना शुल्क वसूली का मामला सामने आया है। कई ऐसे शुल्क भी वसूले जा रहे हैं, जिन पर नियमों के तहत रोक है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में छात्रों से वसूली गई कुल फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है। इससे निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर बड़ा असर पड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button