सीएम साय से जापान दूतावास के मंत्री आबे नोरिआकि की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में जापान दूतावास के राजनीतिक मामलों के मंत्री आबे नोरिआकि ने सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान दोनों के बीच छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश, आर्थिक सहयोग और विकास की संभावनाओं को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने आबे नोरिआकि का शॉल ओढ़ाकर और भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति और निवेश को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए प्रावधानों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में उद्योगों के विकास के लिए मजबूत आधारभूत संरचना, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण मौजूद है। इन सुविधाओं के कारण छत्तीसगढ़ में देश-विदेश के निवेशकों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
जापान के साथ औद्योगिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं को लेकर भी सकारात्मक पहल की जा सकती है। इस अवसर पर विधायक किरण देव और विधायक सुशांत शुक्ला भी मौजूद रहे।



