वैलेंटाइन वीक पर पेंड्रा में प्रेमी-जोड़े ने किया सुसाइड: गर्लफ्रेंड ने घर में फांसी लगाई, बॉयफ्रेंड ने उतारा, फिर खुद सूली पर झूला

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से वैलेंटाइन वीक के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी में हो रही देरी से आहत एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पहले युवती ने घर में फांसी लगाई, जिसे प्रेमी ने फंदे से उतारा, लेकिन जब उसकी सांसें नहीं लौटीं तो युवक ने भी पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। यह दर्दनाक घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव की है।
जानकारी के मुताबिक, हमाली गांव निवासी अनीता सिंह (20) और अमलिहा गांव निवासी कृष्णा सिंह (18) की मुलाकात करीब डेढ़ से दो साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
परिजनों की सहमति से दोनों गांव में एक ही घर में लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे थे। युवक की उम्र कम होने के कारण परिजन शादी के लिए कुछ समय रुकने की बात कह रहे थे, लेकिन दोनों जल्द विवाह करना चाहते थे।
बुधवार-गुरुवार की देर रात पहले अनीता ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। जब कृष्णा को इसकी जानकारी हुई तो उसने तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इससे टूट चुके कृष्णा ने घर से बाहर जाकर पास के नीलगिरी प्लॉट में करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली।
घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवक की नानी और बहन ने बताया कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन उम्र कम होने के कारण कुछ समय रुकने को कहा गया था। यह घटना पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल पैदा कर गई है।



