बस्तर में देश का सबसे बड़ा ‘हेरिटेज मैराथन’: ‘बस्तर दौड़ेगा, देश जुड़ेगा’ की थीम पर कल बड़ा आयोजन; ₹25 लाख के इनाम

जगदलपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ की खेल और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार, 22 मार्च को राज्य की सबसे बड़ी ‘हेरिटेज मैराथन 2026’ की सौगात देने जा रहे हैं।
जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान से शुरू होने वाली यह दौड़ विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात पर समाप्त होगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य फिटनेस के साथ-साथ बस्तर के पर्यटन को ग्लोबल मैप पर लाना है।
‘रन फॉर नेचर, रन फॉर कल्चर’ की थीम
मुख्यमंत्री ने इस मैराथन को केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि बस्तर की समृद्ध परंपरा और प्राकृतिक संपदा का उत्सव बताया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के विजन से प्रेरित है।
- बड़ी तैयारी: मैराथन के जरिए बस्तर की वादियों और जनजातीय संस्कृति को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा।
- स्थानीय युवाओं को मौका: बस्तर संभाग के सातों जिलों के प्रतिभागियों के लिए रजिस्ट्रेशन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
4 श्रेणियों में दौड़, कुल 25 लाख के पुरस्कार
मैराथन को चार अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है ताकि हर वर्ग के लोग हिस्सा ले सकें:
- फुल मैराथन: 42 किलोमीटर
- हाफ मैराथन: 21 किलोमीटर
- 10K रन: 10 किलोमीटर
- फन रन: 5 किलोमीटर (सभी के लिए) विजेताओं के लिए कुल 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि तय की गई है। हर फिनिशर को मेडल, ई-सर्टिफिकेट और प्रोफेशनल रनिंग फोटोग्राफ्स दिए जाएंगे।
रूट पर खास इंतजाम: डीजे और जुम्बा का तड़का
मैराथन मार्ग पर धावकों के उत्साहवर्धन के लिए लाइव डीजे और जुम्बा सेशन आयोजित किए जाएंगे।
- सुरक्षा और सुविधा: पूरे रूट पर रिफ्रेशमेंट पॉइंट्स, एनर्जी ड्रिंक्स, मेडिकल सपोर्ट और इमरजेंसी सेवाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
- रजिस्ट्रेशन: इच्छुक खिलाड़ी आधिकारिक वेबसाइट bastarheritage.run पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं।





