टैक्स नहीं चुकाने पर निगम की सख्ती: रहेजा बिल्डर्स के नल कनेक्शन काटे, व्यावसायिक परिसर भी सील

रायपुर। नगर निगम रायपुर ने बकाया टैक्स की वसूली को लेकर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम के जोन-9 राजस्व विभाग ने करोड़ों की परियोजनाएं विकसित करने वाले बिल्डर्स और अन्य बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाते हुए कई जगहों पर नल कनेक्शन काट दिए, जबकि कुछ व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया गया।

निगम की टीम ने रहेजा स्काई स्कैप्स रेसिडेंशियल सहकारी संस्था मर्यादित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 लाख 23 हजार 190 रुपए की बकाया राशि जमा नहीं करने पर बल्क नल कनेक्शन काट दिया। इसके अलावा संस्था से जुड़े एक अन्य मामले में 4 लाख 74 हजार 26 रुपए का भुगतान नहीं करने पर वहां भी बल्क नल कनेक्शन विच्छेद कर दिया गया।

इसी तरह विश्व भारती बिल्डकॉन के संचालक योगेश अग्रवाल के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। निगम के अनुसार, वर्ष 2017-18 से वार्ड-8 क्षेत्र में बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया था। इसके चलते संबंधित परिसर का बल्क नल कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिया गया।

वसूली अभियान के दौरान वार्ड-8 में कीर्ति नचरानी पर 1 लाख 4 हजार 76 रुपए और पवन कुमार अग्रवाल पर 20 हजार 984 रुपए की बकाया राशि पाई गई। भुगतान नहीं होने पर निगम ने दोनों के व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बकाया करदाताओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। निगम प्रशासन ने सभी बकायेदारों से समय पर टैक्स जमा करने की अपील की है, ताकि दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

यह कार्रवाई उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और जोन-9 के जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के निर्देश पर की गई। अभियान के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी नरेंद्र कुमार नायक, राजस्व निरीक्षक इस्माइल खान और सहायक राजस्व निरीक्षक लोकेश पाटले मौजूद रहे।

Exit mobile version