रायपुर साहित्य उत्सव में देश-प्रदेश के 100 से अधिक ख्यातिप्राप्त साहित्यकार होंगे शामिल

23 से 25 जनवरी तक नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में तीन दिवसीय आयोजन, 10 हजार से ज्यादा पंजीकरण
रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपरा को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से 23 से 25 जनवरी 2026 तक नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में रायपुर साहित्य उत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा।
तीन दिन तक चलने वाले इस उत्सव में देश-प्रदेश के करीब 120 ख्यातिप्राप्त साहित्यकार, कवि, लेखक, विचारक और बुद्धिजीवी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर साहित्य प्रेमियों में खासा उत्साह है और अब तक 10 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण करा लिया है।
उत्सव का उद्घाटन 23 जनवरी को राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। उद्घाटन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा तथा अभिनेता-रंगकर्मी मनोज जोशी विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
उद्घाटन दिवस की सांस्कृतिक संध्या में पद्मश्री मनोज जोशी द्वारा चर्चित नाटक ‘चाणक्य’ का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही तीन दिनों में कुल 42 साहित्यिक सत्र आयोजित होंगे, जिनमें समकालीन साहित्य, समाज, संस्कृति, राजनीति, मीडिया और डिजिटल युग जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
उत्सव में डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, अजय के. पांडे, इंदिरा दांगी, सोनाली मिश्र, जयश्री रॉय सहित कई चर्चित साहित्यकार शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ी कविता और लोकगीतों के लिए विशेष सत्र रखे गए हैं, जिसमें प्रदेश के प्रमुख कवि-कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
24 जनवरी को भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष काव्य-पाठ का आयोजन होगा। आयोजन स्थल पर भी पंजीकरण की सुविधा रहेगी। रायपुर साहित्य उत्सव को राज्य का अब तक का सबसे बड़ा साहित्यिक आयोजन माना जा रहा है।





