रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाइट लाइफ को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। सेरीखेड़ी इलाके स्थित एक नाइट क्लब में रविवार देर रात तक पार्टी आयोजित की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ इन्फ्लुएंसर युवतियां हाथों से शराब परोसती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो पियानो क्लब का है, जहां मुंबई से आए कलाकार और इन्फ्लुएंसर भी पार्टी में शामिल हुए थे। क्लब के अंदर तेज म्यूजिक, भीड़ और खुलेआम शराब सर्व करते लोग वीडियो में साफ दिखाई दे रहे हैं।
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। जानकारी मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्लब प्रबंधन से पूछताछ शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। उनका कहना है कि सेरीखेड़ी और आसपास के क्षेत्रों में इस तरह की लेट नाइट पार्टियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हो रही है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नाइट क्लब संचालन के लिए प्रशासन द्वारा समय सीमा तय की गई है, जिसके बाद गतिविधियां बंद करनी होती हैं। लेकिन वीडियो में रात 12 बजे के बाद भी पार्टी जारी रहने की बात सामने आई है, जिससे नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो क्लब प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
