ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गुणवत्तापूर्ण कार्य और समय पर पूरा हो सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक ली।

इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर में संचालित निर्माणाधीन और प्रगतिरत सिंचाई परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएँ गुणवत्ता के उच्च मानकों के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएँ।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जल संसाधन और सिंचाई परियोजनाएँ प्रदेश के कृषि और ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराना और हर खेत तक पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गति और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित होनी चाहिए ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में संचालित छोटी-बड़ी सभी नहरों, तालाबों और बैराजों के निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी की जाए और जहां भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधाएँ हैं, उन्हें शीघ्र दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कार्य ही टिकाऊ विकास की पहचान है।

बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो ने पावर पॉइंट प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री को विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, लक्ष्यों और बजट उपयोग की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सचिव पी. दयानंद, और जल संसाधन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से कहा कि जल प्रबंधन और सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए सभी विभाग संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि प्रदेश की हर बूंद विकास की दिशा में उपयोगी सिद्ध हो सके।

Related Articles

Back to top button