दिल्ली। गुरुग्राम के मानेसर स्थित IMT औद्योगिक क्षेत्र में सैलरी बढ़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़ी साजिश का रूप लेता नजर आ रहा है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कर्मचारियों के WhatsApp ग्रुप्स में भड़काऊ मैसेज भेजकर हिंसा भड़काने की कोशिश की। इन मैसेज में मैनेजर की हत्या, आगजनी और पेट्रोल बम से हमला करने जैसी बातें लिखी गई थीं।
पुलिस के मुताबिक, 9 अप्रैल को हुए प्रदर्शन के दौरान कई ग्रुप्स में संदेश वायरल हुए। एक मैसेज में लिखा था—“मैनेजर रामबीर को मारना है”, वहीं दूसरे में “बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर आग लगा दो” जैसे उकसावे भरे निर्देश दिए गए। इन मैसेज के बाद ही इलाके में पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
जांच में सामने आया है कि ये मैसेज भेजने वाले कई लोग बाहरी थे, जिन्होंने जानबूझकर मजदूरों को भड़काने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें औद्योगिक इकाइयों को नुकसान पहुंचाने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। अब तक इस मामले में 61 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 15 महिलाएं भी शामिल हैं। कुछ आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि बाकी जेल में हैं।
पूरे विवाद की शुरुआत 6 अप्रैल को एक कंपनी के कर्मचारियों द्वारा सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल से हुई थी। इसके बाद अन्य कंपनियों के मजदूर भी प्रदर्शन में शामिल हो गए। 9 अप्रैल को जब प्रशासन ने धारा 163 लागू कर प्रदर्शन रोकने की कोशिश की, तब स्थिति हिंसक हो गई।
