DSP विशाल सोन को झूठे केस में फंसाने की साजिश, कोर्ट के आदेश पर 3 आरोपियों पर FIR हुई दर्ज

भिलाई। भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में उप पुलिस अधीक्षक (DSP) विशाल सोन की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोपियों पर DSP के खिलाफ झूठी और भ्रामक शिकायतें करने, फर्जी साक्ष्य गढ़ने, आपराधिक आरोप लगाने, छल और षड्यंत्र करने के आरोप हैं। दुर्ग CJM कोर्ट के 11 सितंबर 2026 के आदेश के बाद सुपेला पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

मामला एस-स्क्वेयर आयरोमैक्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा बताया गया है। कोर्ट में पेश आवेदन के मुताबिक कंपनी से जुड़े लोगों ने DSP विशाल सोन के खिलाफ अलग-अलग स्तर पर शिकायतें की थीं। DSP ने इन शिकायतों को तथ्यहीन बताते हुए पुलिस अधिकारियों और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शिकायत की थी।

स्कॉर्पियो को लेकर शुरू हुआ था विवाद

मामला स्कॉर्पियो एन वाहन क्रमांक CG-05-AP-5000 से जुड़ा है। कंपनी के अधिकृत अधिकारी सतनाम सिंह ने 13 अक्टूबर 2025 को जामुल थाने में DSP के खिलाफ शिकायत की थी। इसमें वाहन वापस नहीं करने का आरोप लगाया गया था।

जांच के दौरान वाहन के मूल मालिक अंकित सिंह ने भी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस जांच में कंपनी और वाहन मालिक के बीच लेन-देन का विवाद सामने आया। आवेदन के अनुसार, जामुल पुलिस को जांच में DSP के खिलाफ संज्ञेय अपराध नहीं मिला और शिकायतकर्ता को पुलिस हस्तक्षेप अयोग्य अपराध की सूचना दी गई।

इसके बाद 27 मई 2026 को सतनाम सिंह ने पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और जामुल थाने में शिकायत की। 14 जुलाई को सुपेला थाने में भी शिकायत दी गई।

कोर्ट के आदेश पर FIR

DSP ने इन शिकायतों को झूठा बताते हुए कार्रवाई के लिए न्यायालय का रुख किया था। CJM कोर्ट ने दस्तावेजों और परिस्थितियों के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध बनना माना और BNSS की धारा 175(3) के तहत सुपेला पुलिस को FIR दर्ज कर जांच के निर्देश दिए।

इसके बाद सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 1387/26 दर्ज किया। सतनाम सिंह, विभूति भूषण बाबू और श्रीराम गुप्ता के खिलाफ BNS की धारा 217, 221, 229, 248, 318, 356 और 61 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब शिकायतों, दस्तावेजों और पूर्व जांच की रिपोर्ट के आधार पर मामले की विवेचना कर रही है।

↑
Exit mobile version