StateNewsदेश - विदेश

कांग्रेस बोली- ट्रम्प का 71वां भारत-पाक युद्ध रुकवाने का दावा, पीएम मोदी के दोस्त ने खुद को बार-बार क्रेडिट बताया

दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने के दावों पर कांग्रेस ने सरकार पर तंज कसा है। बुधवार को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में ट्रम्प ने फिर दावा किया कि उन्होंने मई 2025 में भारत-पाक युद्ध को रोका। कांग्रेस ने इसे ट्रम्प का 71वां ऐसा दावा बताया है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रम्प का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि कल तक गिनती 70 थी और अब यह 71 हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि यह ध्यान रखना चाहिए कि दावोस में भारत का बड़ा प्रतिनिधिमंडल मौजूद था।

ट्रम्प ने WEF में बताया कि भारत और पाकिस्तान न्यूक्लियर युद्ध की कगार पर थे। उनके अनुसार, उन्होंने लाखों लोगों की जान बचाई। इससे पहले व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी ट्रम्प ने दावा किया था कि अपने दूसरे कार्यकाल के पहले साल में उन्होंने कई ‘ना सुलझने वाले युद्ध’ खत्म किए, जिनमें भारत-पाक संघर्ष भी शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत-पाक युद्ध में 10 से 20 मिलियन लोग मारे जा सकते थे।

जयराम रमेश ने ट्रम्प के दावों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के ‘अच्छे दोस्त’ और बार-बार जबरन गले लगाने वाले ट्रम्प ने खुद को ऑपरेशन सिंदूर के अचानक रुकने का जिम्मेदार बताया।

इससे पहले चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भी 30 दिसंबर 2025 को दावा किया था कि चीन ने मई में भारत-पाक सैन्य तनाव कम करने में भूमिका निभाई। भारत सरकार ने इसे खारिज करते हुए साफ कहा कि तनाव सीधे भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच बातचीत से खत्म हुआ।

भारत के अनुसार, पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों ने नुकसान के बाद DGMO से संपर्क किया और 10 मई से सभी तरह की सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी। भारत ने 6 और 7 मई को आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया और पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई का सामना किया। भारतीय वायु रक्षा पूरी तरह सक्रिय रही और पाकिस्तान के ड्रोन व अन्य हथियारों को सफलतापूर्वक रोक दिया गया। इस पूरे विवाद ने भारत की तीसरे पक्ष की भूमिका नकारने वाली नीति पर फिर से ध्यान केंद्रित किया है।

Related Articles

Back to top button