ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कांग्रेस शासन नक्सलवाद का सबसे कलंकित अध्याय

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पर नक्सलवाद को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है।

सोमवार को प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में नक्सलवाद ने सबसे भयावह रूप लिया था। उन्होंने पूछा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बताएं कि उनके कार्यकाल में कितने नक्सली मारे गए और कितनों ने आत्मसमर्पण किया? ठाकुर ने कहा कि भूपेश बघेल के शासनकाल में नक्सली लगातार टारगेट किलिंग करते रहे और जवानों के शवों को उनके गांवों में अंतिम संस्कार तक नहीं करने दिया जाता था।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार नक्सलवाद उन्मूलन के संकल्प को तेजी से साकार कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 2300 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। यह भाजपा सरकार की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रभावी पुनर्वास नीति का परिणाम है कि नक्सली संगठन कमजोर पड़ रहे हैं और जंगलों में उनकी पकड़ ढीली हो रही है।

ठाकुर ने कहा कि भाजपा शासन में नक्सली या तो मारे जा रहे हैं या मुख्यधारा में लौट रहे हैं, जिससे प्रदेश में शांति और विकास का माहौल बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय सुरक्षा बलों का मनोबल टूट चुका था, लेकिन अब उन्हें राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर पूरा समर्थन मिल रहा है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश की जनता ने यह महसूस किया है कि भाजपा सरकार ही नक्सलवाद का स्थायी समाधान निकालने में सक्षम है।

Related Articles

Back to top button