कांग्रेस के प्रदर्शन में CM की तस्वीर से अभद्रता पर बवाल, भाजयुमो ने थाने का घेराव; कांग्रेसियों पर FIR दर्ज

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीर के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला शुक्रवार को तूल पकड़ गया। कांग्रेस के गुरुवार के प्रदर्शन के दौरान हुई इस हरकत को लेकर शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा सड़क पर उतर आया।
भाजयुमो कार्यकर्ता पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के निवास से रैली निकालते हुए सिविल लाइन थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के अपमान को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सीएसपी को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं पर मामला दर्ज
भाजयुमो की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, विजय पांडेय सहित कई नेताओं पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 190, 191(2), 126(2), 352 के तहत प्रकरण कायम किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान नियम विरुद्ध गतिविधियों और सीएम की तस्वीर से अभद्रता के प्रमाण मिले हैं, जिस पर कानूनी कार्रवाई की गई है।
गुरुवार को कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन
गौरतलब है कि गुरुवार को कांग्रेस ने शहर की समस्याओं को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया था। नेहरू चौक से कलेक्टर कार्यालय तक निकाली गई रैली में सड़क व्यवस्था, बिजली बिल, धान खरीदी व्यवस्था और रजिस्ट्री से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया था।
कलेक्टर ऑफिस के घेराव के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प भी हुई थी। इसी दौरान मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद दोनों दलों के बीच सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और मामला अब पूरी तरह कानून और सियासत के बीच मुख्य मुद्दा बन गया है।





