प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की प्रेस कॉन्फ्रेंस, जानिए क्या कहा….

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों और प्रशासनिक विफलताओं पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में घोषित स्थानीय निकायों और पंचायत चुनावों को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई है, क्योंकि चुनाव परिणाम एक साथ घोषित होने चाहिए थे, जैसा कि होता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की स्थिति से छात्रों और अभिभावकों की परेशानियां बढ़ गई हैं, क्योंकि चुनावों की तारीखें और परीक्षाएं एक ही समय पर टकरा रही हैं।
दीपक बैज ने भाजपा सरकार की नाकामी और वादा-खिलाफी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में सरकार ने युवाओं, किसानों, महिलाओं, मजदूरों, विद्यार्थियों और अनुसूचित जाति-जनजाति के वर्गों के साथ धोखा किया है। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा, रोजगार, आवास, सिलेंडर और अन्य योजनाओं के वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, कुशासन और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी हुई है। उन्होंने विभिन्न आपराधिक घटनाओं, जैसे हत्या, बलात्कार, चाकूबाजी, और नक्सलवादी गतिविधियों में वृद्धि की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि राज्य में रेत माफिया का संरक्षण भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है, और रेत, सिमेंट, और अन्य जरूरी सामग्रियों की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। बैज ने यह स्पष्ट किया कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और चुनावों में इन सभी समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाएगी।