रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) के 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम आज दोपहर 2:30 बजे घोषित होने हैं, लेकिन इससे पहले ही सोशल मीडिया पर कथित टॉपर्स को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है। रिजल्ट घोषित होने से पहले वायरल हो रही इन पोस्ट्स ने पूरे मामले पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फेसबुक पर एक यूजर द्वारा किया गया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक छात्र को टॉप-10 में स्थान हासिल करने पर बधाई दी गई है। पोस्ट में लिखा गया— “डोकड़ा के लाल ने कर दिखाया कमाल! छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के रिजल्ट में टॉप-10 में जगह बनाकर गांव और जिले का नाम रोशन किया।” इस तरह की बधाई संदेशों ने लोगों को हैरान कर दिया है, क्योंकि आधिकारिक रूप से अभी तक परिणाम जारी नहीं हुआ है।
ऐसे में अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह केवल अफवाह है या फिर रिजल्ट से जुड़ी जानकारी पहले ही लीक हो गई है। इस वायरल पोस्ट के बाद छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा जगत में चर्चा तेज हो गई है। कई लोग इसे संभावित लीक का संकेत मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे सोशल मीडिया की अटकलें बता रहे हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इससे स्थिति और भी संदिग्ध हो गई है।
