26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन, रायपुर संभाग बना ओवरऑल चैंपियन

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित; बलौदाबाजार में डाइट खोलने की घोषणा
रायपुर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ।

पांचों शैक्षणिक संभागों के खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की और विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

शानदार प्रदर्शन के आधार पर रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। इस दौरान मंत्री ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खोलने की घोषणा भी की।

खेलों से मिलती है नई संस्कृति समझने की सीख

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति, खान-पान और रहन-सहन को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय खेलों में शामिल किए गए कुराश का आयोजन भी प्रतियोगिता के तहत बलौदाबाजार में हुआ।

रग्बी और नेटबॉल में रायपुर का दबदबा

रग्बी अंडर-14 के बालक और बालिका दोनों वर्गों में रायपुर प्रथम, बस्तर द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा। नेटबॉल अंडर-19 के दोनों वर्गों में भी रायपुर ने पहला स्थान हासिल किया। बिलासपुर दूसरे और दुर्ग तीसरे स्थान पर रहा।

कुराश के अंडर-14 बालक वर्ग में दुर्ग प्रथम, सरगुजा द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा। बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम रहा। अंडर-17 बालक में रायपुर और बालिका में दुर्ग ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालक वर्ग में रायपुर और बालिका वर्ग में बिलासपुर विजेता रहा। समापन समारोह में जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, एसपी, शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version