दिल्ली के लिए अब सप्ताह में दो दिन ट्रेन, सरगुजा को मिली बड़ी रेल सुविधा

अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का बढ़ा फेरा; सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की ट्रेन

रायपुर। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन चलेगी। मंगलवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद चिंतामणि महाराज ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अनुसार गाड़ी संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को सुबह 7.30 बजे अंबिकापुर से रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे निजामुद्दीन से चलेगी। इससे सरगुजा संभाग के यात्रियों को दिल्ली के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा मिल गई है।

लंबे समय से थी सप्ताह में दो दिन ट्रेन की मांग

सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली के लिए ट्रेन का फेरा बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए गए। अब सेवा सप्ताह में दो दिन होने से सरगुजा के साथ रास्ते में आने वाले अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पहले सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन चलने के कारण कई यात्रियों को अपनी यात्रा टालनी पड़ती थी। अब अतिरिक्त फेरे से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि यात्रियों की मांग और जनप्रतिनिधियों के आग्रह के बाद ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाई गई है। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर भी विकास कार्य जारी हैं। यहां नया प्लेटफॉर्म, रेलवे लाइनों का विस्तार और बड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण किया जा रहा है। कोचिंग सुविधाओं को भी बेहतर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में और ट्रेनों के संचालन की जरूरत को देखते हुए स्टेशन की अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। नई रेल सुविधा से सरगुजा का दिल्ली से सीधा कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

↑
Exit mobile version