उत्तरी-मध्य छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन शीतलहर की चेतावनी, दुर्ग 10°C के साथ सबसे ठंडा; सुकमा-दंतेवाड़ा में मलेरिया का खतरा बढ़ा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है। हालांकि इसके बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश में बर्फीली हवाओं के कारण कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
14 से 20 नवंबर के बीच सुकमा और दंतेवाड़ा में मलेरिया फैलने का खतरा अधिक बताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव और नमी के कारण मच्छरों की सक्रियता बढ़ सकती है।
बलौदाबाजार, पेंड्रा और अंबिकापुर में लोग सुबह-शाम अलाव का सहारा ले रहे हैं, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की कमी से लोगों को परेशानी हो रही है। मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा शहर है, जहां रात का तापमान 10°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री कम है। रायपुर भी नवंबर में 9 सालों में दूसरी बार 13°C तक पहुंच गया।
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.6°C दुर्ग में और न्यूनतम 7.4°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। पेंड्रा, मैनपाट और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्की धुंध और तेज ठंड ने लोगों को दिनभर गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया है।
मौसम विभाग के रिकॉर्ड बताते हैं कि नवंबर में कभी तेज गर्मी तो कभी कड़ाके की ठंड का इतिहास रहा है—1935 में 35.6°C और 1883 में 8.3°C तापमान दर्ज किया गया था।





