MP के 6 जिलों में शीतलहर, शाजापुर सबसे ठंडा: हिमाचल के 29 शहरों में तापमान 10° से नीचे

दिल्ली। उत्तर भारत में पहाड़ों पर जारी बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों में भी साफ दिख रहा है। मध्य प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन सहित 15 शहरों का न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया। शाजापुर 6.4°C के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भोपाल, इंदौर सहित 6 जिलों में शीतलहर चलेगी। अगले दो दिनों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। उधर राजस्थान के माउंट आबू में पारा शून्य के करीब पहुंच गया है, जहां ओस जमकर बर्फ में बदल गई। प्रदेश के फतेहपुर, नागौर, सीकर और दौसा में भी सामान्य से 3-4 डिग्री कम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी कम जरूर हुई है, लेकिन ठंड लगातार बढ़ रही है। राज्य के 29 शहरों का तापमान 10°C से नीचे है, जबकि लाहौल-स्पीति में पारा माइनस में पहुंचा हुआ है। अगले छह दिनों तक बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है, ऐसे में ठंड और बढ़ सकती है। दिल्ली NCR में सर्दी के साथ धुंध भी बढ़ गई है। इंडिया गेट के आसपास प्रदूषण की मोटी परत छाई हुई है और AQI 400 पार बेहद खराब श्रेणी में है।
मध्य प्रदेश में कई शहरों में सुबह कोहरा छाया हुआ है। हिमाचल के लाहौल-स्पीति और मनाली के इलाकों में शून्य के आसपास तापमान ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तराखंड में भी तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पंजाब में हालांकि तापमान बढ़कर 30°C तक पहुंच गया है, लेकिन प्रदूषण से राहत फिलहाल नहीं मिल रही।





