StateNewsदेश - विदेश

उत्तर भारत में शीतलहर का कहर: राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी में कड़ाके की सर्दी, जम्मू-कश्मीर में एवलांच चेतावनी

दिल्ली। देश के कई राज्यों में शीतलहर का असर जारी है। राजस्थान में मंगलवार को उत्तरी हवाओं के कारण सर्दी और तेज हो गई।

सीकर जिले का फतेहपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री पर पहुंच गया, जो इस सीजन में रिकॉर्ड कम है। मौसम विभाग ने नए साल की शुरुआत तक राज्य के कुछ हिस्सों में कड़ाके की सर्दी और सुबह के समय हल्का से घना कोहरा रहने की चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश में भी सर्दी और घना कोहरा प्रचंड है। लखनऊ, प्रयागराज समेत 50 से ज्यादा जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। विजिबिलिटी कई जिलों में शून्य है। पिछले तीन दिनों में सर्दी के कारण तीन लोगों की मौत हो चुकी है। गोरखपुर में गुरुवार सुबह बादल छाए रहे और सड़कों पर दृश्यता बेहद कम रही।

जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी के बाद बुधवार रात केवल बादल छाए रहे, जिससे रात का तापमान शून्य से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि पहाड़ों पर जमी बर्फ घिसकने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने डोडा, गांदरबल, किश्तवाड़, पुंछ और रामबन जिलों में एवलांच की चेतावनी जारी की है। 2800 मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 24 घंटों में एवलांच हो सकता है।

अगले तीन दिनों का पूर्वानुमान बताते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में घना से बहुत घना कोहरा रहेगा। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तेज सर्दी और शीतलहर जारी रहेगी। पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में तेज सर्दी से फसलों पर ओस जम गई। उत्तराखंड के सात जिलों में घना कोहरा छाया रहा और पहाड़ी इलाकों में पाला गिरा। मध्य प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज हुआ। यूपी में 15 जिलों के स्कूल बंद किए गए। उत्तर भारत में इस समय शीतलहर और कोहरे का असर लोगों के जनजीवन और यातायात पर महसूस किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button