देश में शीतलहर से कड़ाके की ठंड, इंदौर में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड

दिल्ली। उत्तर भारत में सर्दी इस हफ्ते चरम पर है। मध्य प्रदेश के इंदौर में गुरुवार रात तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 10 सालों का सबसे कम पारा है।
इससे पहले 2015 में दिसंबर में 7 डिग्री न्यूनतम दर्ज हुआ था। इंदौर इस समय राज्य के हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडा है, जहां पारा 4.8 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल समेत 5 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भी ठंड जोर पकड़ रही है। यहां 9 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। सीकर के फतेहपुर में सबसे कम तापमान 4 डिग्री दर्ज हुआ। नागौर, सीकर और लूणकरणसर में भी तापमान 5–6 डिग्री के बीच रहा। 25 दिसंबर के बाद ठंड और बढ़ने की संभावना है।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दी का असर सबसे ज्यादा है। बर्फबारी के बाद अब पाला गिरने लगा है। चमोली और पिथौरागढ़ में नदी-नाले और झरने जम गए हैं। कई इलाकों में पाइपों में भी पानी जमने लगा है। हरिद्वार, हल्द्वानी और रुद्रपुर में घना कोहरा छाया है।
बिहार में गुरुवार को 9 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच गया। किशनगंज सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 8.3° दर्ज हुआ। मधुबनी, सुपौल और सीतामढ़ी में जीरो विजिबिलिटी दिखाई दी, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ।
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पारा 4.9 डिग्री दर्ज किया गया। मैनपाट में ओस जमकर बर्फ में बदल गई। सर्दी की वजह से अंबिकापुर में एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। 19 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी है।
हरियाणा में भी तापमान तेज़ी से गिरा है। सोनीपत में पारा 5 डिग्री तक पहुंच गया। अगले पांच दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम रहेगी, ऐसे में यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





