StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में ठंड का कहर: रायपुर में अलाव शुरू, अंबिकापुर 7°C पर पहुंचा

रायपुर। दिसंबर की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। अम्बिकापुर में न्यूनतम तापमान 6-7°C, रायपुर में 12-13°C और दुर्ग में 11-12°C दर्ज किया गया। पिछले तीन-चार दिनों में लगभग सभी बड़े शहरों में पारा 3 से 4 डिग्री तक नीचे लुढ़क गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन ठंड का असर जारी रहेगा।

बीते 24 घंटों में जहां जगदलपुर सबसे गर्म रहा, वहीं अम्बिकापुर 7.4°C के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। सरगुजा संभाग में सुबह कोहरा छाया रहा और अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर दो दिन पहले विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी। वाड्रफनगर में तो दृश्यता 100 मीटर तक सिमट गई थी। पेंड्रा और आसपास के गांवों में लोग अलाव का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं।

रायगढ़ में भी बढ़ी ठंड

रायगढ़ जिले में दो दिनों से तापमान तेजी से गिरा है। 5 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 12.4°C और अधिकतम 26.7°C दर्ज किया गया। सुबह सर्द हवाओं के कारण ठंड तेज महसूस होती है, जबकि दोपहर की धूप से थोड़ी राहत मिलती है। शाम होते ही लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 10°C तक जा सकता है।

रायपुर में 12 जगह अलाव की व्यवस्था

रायपुर में शीतलहर का असर बढ़ते ही नगर निगम ने शहरभर में अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू की है। मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देश पर 12 से अधिक स्थानों पर रातभर अलाव जलाने की जिम्मेदारी जोन कमांडरों को दी गई है, ताकि राहगीरों, गरीब और बेघर लोगों को राहत मिल सके।

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी

स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि अचानक तापमान गिरने से सर्दी-जुकाम, वायरल फीवर और हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और गर्म कपड़ों का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।

नवंबर की ठंड का रिकॉर्ड

मौसम विभाग के अनुसार नवंबर 1935 में 35.6°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था, जबकि नवंबर 1883 में न्यूनतम तापमान 8.3°C दर्ज हुआ, जो अब तक नवंबर महीने की सबसे ठंडी रात रही है।

Related Articles

Back to top button