छत्तीसगढ़ में बढ़ी सर्दी: पेंड्रा में तापमान 9 डिग्री तक पहुंचा, कई जगह विजिबिलिटी घटी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सर्द हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। प्रदेश में तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे कई जिलों में ठंड का असर तेज हो गया है। पेंड्रा और अमरकंटक क्षेत्र में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। पेंड्रा का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे कम तापमान है।
ठंडी हवाओं और घने कोहरे के कारण इन इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। सुबह और देर रात के समय वाहनों को हेडलाइट्स जलाकर चलना पड़ रहा है। गांवों और कस्बों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है।
पिछले 24 घंटों में दुर्ग और जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 10 नवंबर को उत्तर छत्तीसगढ़, विशेषकर सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर शीतलहर चल सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र से आने वाली ठंडी उत्तरी हवाएं प्रदेश के तापमान में गिरावट का मुख्य कारण हैं। आने वाले दिनों में रायपुर, बिलासपुर और कबीरधाम जिलों में भी ठंड का असर महसूस किया जा सकेगा। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय कोहरे की चादर बिछी हुई है, जिससे दृश्यता 50 से 100 मीटर तक सिमट गई है।





